
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नवंबर माह के पहले पखवाड़े में अब ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाके ठंड की चपेट में आ रहे हैं।
पहाड़ों से आ रही उत्तरी ठंडी हवा से जबलपुर सहित आस-पास के जिलों में भी लगातार ठंड का असर बढ़ रहा है। गुरुवार की सुबह सबसे सर्द सुबह के रूप में दर्ज हुई।
बुधवार-गुरुवार रात की न्यूनतम तापमान पहली बार 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि दिन का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बनने जा रहे निम्न दबाव के क्षेत्र का जबलपुर के मौसम पर फिलहाल कोई विशेष असर पड़ने की संभावना नहीं है। 13 नवंबर से दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बनने वाला सिस्टम 15 नवंबर तक अवदाब में बदल सकता है।
दक्षिण भारत और तटीय क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। जबलपुर में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं। फिलहाल दिन में धूप और गर्मी रहेगी, जबकि रात के तापमान में गिरावट से ठंड का अहसास बढ़ सकता है।
वर्तमान में जिस तरह मौसम बना हुआ है उससे सुबह और रात में तेज ठंड महसूस हो रही है। गुरुवार की सुबह सीजन का सबसे सर्द सुबह रही। जबकि रात में भी ठंडी हवा बचने लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार हवा का रुख उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। इससे आगामी दिनों में ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में शराब की टेबल पर राइफलें सजाने का वीडियो वायरल, तीन बार की हवाई फायरिंग