
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौरादेही अभयारण्य के पास एनएचएआई ने देश में पहली बार रेड कार्पेट तकनीक का प्रयोग किया था।
इसका उद्देश्य अंधे मोड़ों और संवेदनशील हिस्सों में तेज रफ्तार पर अंकुश लगाकर सड़क हादसों को रोकना था। शुरुआती दौर में इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए थे।
एनएचएआई के अधिकारियों ने दावा किया था कि सड़क तैयार होने के बाद एक माह तक इस हिस्से में कोई हादसा नहीं हुआ। इस प्रयोग को देश के दूसरे हिस्सों में भी लागू करने की संभावना जताई गई थी, लेकिन अब इस अनूठी सड़क की पहचान ही मिटती जा रही है।
सड़क पर किया गया लाल रंग जगह-जगह से उखड़ चुका है और कई हिस्सों में पूरी तरह फीका पड़ गया है। सड़क की सतह भी खराब हो रही है और जगह-जगह गड्ढे नजर आने लगे हैं। ऐसे में जिस मार्ग को वाहन चालकों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण का मॉडल बताया गया था, वहां अब रखरखाव की अनदेखी सवाल खड़े कर रही है।
भोपाल मार्ग पर वाहन चालकों से भारी-भरकम टोल वसूला जा रहा है, लेकिन इसके बदले सड़क पर बेहतर सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कई स्थानों पर सड़क में कटाव और गड्ढे हैं। वहीं, जहां मरम्मत और निर्माण कार्य चल रहा है, वहां भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। निर्माण स्थलों पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है और न ही दूर से वाहन चालकों को सतर्क करने वाले संकेतक लगाए गए हैं। इससे तेज गति से आने वाले वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
रेड कार्पेट मार्ग के आसपास वाहन चालकों को गति सीमा की जानकारी देने और निर्धारित सीमा से अधिक गति होने पर सतर्क करने के लिए गति मापन उपकरण लगाए गए थे। इनमें से कई उपकरण बंद पड़े हैं और कुछ केवल दिखावे के लिए लगे नजर आते हैं।
फिलहाल एक ही उपकरण के काम करने की जानकारी सामने आ रही है। एनएचएआई ने इस मार्ग पर वाहनों की गति नियंत्रित रखने के लिए सीमा निर्धारित की है। इसके बावजूद गति मापन उपकरणों का बंद रहना निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
ड्राइवरों का कहना है कि जब एनएचएआई टोल वसूली में कोई रियायत नहीं देती तो सड़क की मरम्मत, निर्माण स्थलों पर सुरक्षा और यातायात सुविधाओं के रखरखाव में लापरवाही क्यों बरती जा रही है।
देश में पहला प्रयोग करने वाली एजेंसी अपनी ही मॉडल सड़क को बेहतर स्थिति में नहीं रख पा रही है। ऐसे में एनएचएआई की कार्यप्रणाली और टोल के बदले मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल उठना लाजिमी है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के शहपुरा में क्षतिग्रस्त ओवरब्रिज से लगे जाम पर भोपाल जा रहे भाजपा विधायक अजय विश्नोई भड़के