
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भोलानगर में पिस्टल से फायरिंग कर युवक की मौत और दूसरे को घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपित राजा सोनकर (42) को अभिरक्षा में लिया है। घटना की जांच में सामने आया है कि पिस्टल को दिखाने के दौरान ही अचानक फायरिंग हो गई। अब पुलिस आरोपी से पिस्टल कहां से आई, किसने उपलब्ध कराई और उसे रखने के पीछे क्या वजह थी, इन बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को राजा सोनकर के भोलानगर स्थित मकान के ऊपरी हॉल में राजा, करन उर्फ अभिज्ञान इवराडे (19), अंकित रैकवार और अन्य लोग मौजूद थे। इसी दौरान राजा ने कहा कि खरगौन से ऑटोमेटिक पिस्टल आई है। पिस्टल देखने की बात होने पर उसने पलंग के बॉक्स से हथियार निकाला। पुलिस के मुताबिक पिस्टल की मैगजीन लंबी थी।
राजा ने पिस्टल करन की ओर तानी और इसी दौरान अचानक कई गोलियां चल गईं। फायरिंग में करन के बाएं कंधे में दो और दाहिने पैर में एक गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं अंकित रैकवार भी घायल हुआ, जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
यह भी पढ़ें- गणेश विसर्जन चल समारोह में इंदौर के होलकर कॉलेज के विद्यार्थियों के बीच मारपीट, बेल्ट और डंडे से की पिटाई
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि राजा के पास पिस्टल होने की जानकारी उसके साथ काम करने वाले अंकित को थी। पुलिस अब हथियार के खरगौन से जबलपुर पहुंचने की कड़ी की जांच कर रही है। साथ ही पिस्टल किसके माध्यम से आई और आरोपी के पास कब से थी, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस टीम आरोपित से पूछताछ कर रही है।