
जबलपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। गर्मी का सीजन आ चुका है। ऐसे में प्राकृतिक छटाओं से ओत-प्रोत डुमना नेचर पार्क की हरियाली आपको गर्मी में सूकून देगी। शहर से महज 12 किमी दूर हरियाली से सराबोर, आकर्षक जलाश्य और वन्य जीवों की अटखेलियों से गुलजार डुमना नेचर पार्क घूमने-फिरने के लिए उपयुक्र्त स्थल है। यहां पर बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए मनाेरंजन के साधन भी भरपूर है। नगर निगम प्रशासन द्वारा संचालित किए जा रहे डुमना नेचर पार्क में पर्यटकों को रिझाने के लिए करीब दो हजार एकड़ में फैले जंगल में वन जीवों का दीदार भी कर सकते हैं।
हरे-भरे वृक्ष, जलाशय से लेकर हिरण, मोर भी दिखेंगे:
डुमना नेचर पार्क पर्यटन की दृष्टि से बेहद अनुकूल है। वाइल्ड लाइफ के शौकीनों के लिए जंगल से कम नहीं है। डुमना नेचर पार्क में हरे-भरे वृक्ष, खंदारी जलाशय, सुंदर उद्यान सहित अठखेलिया करते हिरणों के झुंड, मोर, जंगली सूअर, लाल और काले मुंह के बंदर, विभिन्ना प्रजातियों के पक्षी भी कलरव करते नजर आ जाएंगे। यहां का म्यूजियम भी मुख्य आकर्षण हैं।
खंदारी जलाश्य की शीतलता भी:
डुमना नेचर पार्क में यूं तो पर्यटक वर्ष भर आते रहते हैं, पर गर्मी के सीजन में भी यहां पर्यटन प्रेमियों की संख्या कम नही होती। रोजाना 300 से ज्यादा लोग प्रकृति का दीदार करने पहुंचते हैं। उद्यान की खासियत ये है कि यहां हरे-भरे वृक्ष जंगल सफारी का मजा देते हैं। वहीं खंदारी जलाश्य ऐसा है जो हमेशा लबालब रहता है। वन्य जीव यहीं आकर अपनी प्यास बुझाते हैं और पर्यटक उनके दीदार कर खुश होते हैं। खंदारी जलाश्य के पास शीतल हवा गर्मी से राहत प्रदान करती है। खंदारी जलाश्य में कभी कभार मगरमच्छ के दर्शन भी हो जाते हैं।
ट्वाय ट्रेन सहित मनाेरंजन के लिए झूले भी:
डुमना नेचर पार्क में बच्चों के मनोरंजन के लिए ट्वाय ट्रेन भी चलाई जा रही है। ट्वाय ट्रेन हरे-भरे जंगलों से होकर जब गुजरती है तो अलग ही रोमांच का अहसास होता है। ट्वाय ट्रेन है तो बच्चों के लिए, लेकिन अभिभावक भी ट्रेन में सवार होकर प्राकृतिक हरियाली का आनंद लिए बिना नही मानते। इसका शुल्क महज 10 रुपये है। बड़ों के लिए यहां वाइल्ड लाइफ पर केंद्रित एक म्यूजियम भी बनाया गया है। जिसमें वाइल्ड लाइफ से जुड़ी वन्य जीवों की फोटो व उनसे जुड़े जानकारियां मिलेगी। बटर फ्लाई की किस्में भी देखने मिल जाएगी। पास ही एक वाचनालय भी हैं। जहां सुकून से जंगल हंट से जुड़ी रोमांच पैदा करने वाली पुस्तकें रखी गई हैं। इस वाचनालय को आकर्षक बनाया जाएगा। इसके लिए झूले भी लगे हैं।
डुमना नेचर पार्क में मिलेगा बहुत कुछ:
- साइकिल ट्रैक पर साइकिलिंग कर और करीब से वन्य जीवों का दीदार कर सकते हैं।
- वाचनालय का निर्माण कराया जा रहा है, गजीबो ट्री हाउस सहित म्यूजियम को भी संवारा जा रहा।
- प्रशासनिक भवन के अंदर विजिटर्स को नेचर से संबंधित डाक्यूमेंट्री फिल्म भी प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखलाई जाएगी।
यह है स्थितिः
- रेलवे स्टेशन से दूरी- 12 किमी
- पहुंचने का साधन- आटो रिक्शा, बाइक, कार
- प्रवेश शुल्क - 20 रुपये
- खान-पान- यहां रेस्टोरेंट भी है जहां लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठा सकते हैं।