
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोहलपुर क्षेत्र के गर्ल्स स्कूल में घुसकर छात्राओं की वीडियोग्राॅफी करने का मामला गंभीर रूप ले चुका है। गुरुवार को ईडब्ल्यूएस स्कूल में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्कूल प्रबंधन की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में घटना की निंदा की गई और स्कूल की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की रूपरेखा तैयार की गई।
पार्षद मुकीमा याकूब अंसारी ने कहा कि इस स्कूल के निर्माण के बाद से आज तक किसी की हिम्मत नहीं हुई कि वह स्कूल में घुसे और छात्राओं की वीडियो बनाए।
कांग्रेस नेता अशरफ मंसूरी ने इस घटना को शहर के लिए झकझोरने वाला बताया और कहा कि यह स्कूल में पढ़ने वाली बेटियों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
पार्षद वकील अंसारी ने सभी जनप्रतिनिधियों की एकजुटता का आश्वासन दिया और कहा कि वे दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक शांत नहीं बैठेंगे। स्कूल प्रबंधन ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने और स्कूल में सुरक्षा गार्ड तैनात करने का निर्णय लिया है।
बैठक में स्कूल प्रबंधन कमेटी के फीरोज कमाल, गुलाम अम्बिया, क्षेत्रीय पार्षद मुकीमा याकूब अंसारी, पार्षद अख्तर अंसारी, वकील अंसारी, कांग्रेस नेता अशरफ मंसूरी और पूर्व पार्षद आजम अली खान उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- MP High Court ने कहा- मांग और स्वीकृति साबित किए बिना बरामदगी पर सजा नहीं