
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति के अजय कुमार निरंकारी की एकलपीठ ने छिंदवाड़ा के बहुचर्चित कफ सीरप कांड में 26 मासूमों की मौत से जुड़े मामले में आरोपी शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. प्रवीण सोनी को दूसरी बार भी जमानत देने से इनकार कर दिया।
कोर्ट के समक्ष बचाव पक्ष ने तर्क दिया कि डाॅ. सोनी पांच अक्टूबर, 2025 से जेल में हैं और मुकदमे के निष्पादन में समय लगेगा, इसलिए उन्हें नियमित जमानत दी जाए। हालांकि राज्य राज्य शासन ने इसका कड़ा विरोध किया।
रिकार्ड का परीक्षण करने के बाद हाई कोर्ट ने माना कि पूर्व में मेरिट के आधार पर विस्तृत आदेश पारित किया जा चुका है। ऐसे में केवल लंबी न्यायिक अभिरक्षा को जमानत का आधार नहीं माना जा सकता।
डाॅ. प्रवीण सोनी के विरुद्ध परासिया थाना, जिला छिंदवाड़ा में अपराध क्रमांक 296/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा ड्रग्स एंड कास्मेटिक्स एक्ट के प्रविधानों में मामला दर्ज है। आरोप है कि उनके द्वारा लिखे गए कोल्ड्रिफ कफ सीरप के सेवन से 26 मासूम बच्चों की मौत हुई थी।
पहली जमानत अर्जी भी 17 फरवरी, 2026 को खारिज हो चुकी थी। इस बार भी हाई कोर्ट ने दूसरी जमानत अर्जी निरस्त करते हुए स्पष्ट कर दिया कि फिलहाल राहत का कोई औचित्य नहीं बनता।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के तिलवारा पुल पर अपहरण, चाकू मारकर कार में ले गए, पीटा फिर अस्पताल में छोड़ा