
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रिश्वत के ट्रैप में केमिकल टेस्ट सकारात्मक आने के बावजूद भ्रष्टाचार का अपराध साबित होना जरूरी नहीं है। हाई कोर्ट ने एक मामले में स्पष्ट किया कि रिश्वत मांगने और स्वेच्छा से स्वीकार करने के मूल तथ्यों का प्रमाण आवश्यक है।
इसी आधार पर लोकायुक्त की अपील निरस्त कर तत्कालीन डिप्टी रेंजर कृष्णकांत दुबे को राहत बरकरार रखी। न्यायमूर्ति संजीव एस. कलगांवकर की एकलपीठ ने पाया कि कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथ धुलवाने पर घोल गुलाबी हुआ था, लेकिन रिश्वत के नोट उसके कब्जे से बरामद नहीं हुए।
शिकायतकर्ता ने भी रिश्वत मांगने के आरोप का समर्थन नहीं किया। रिकार्ड की गई बातचीत आवश्यक इलेक्ट्रानिक प्रमाणपत्र के अभाव में साक्ष्य के रूप में स्वीकार्य नहीं थी। बचाव पक्ष के अनुसार छह हजार रुपये वन अपराध की कंपाउंडिंग राशि थी और आरोपी ने नकद लेने से मना किया था।
आरोपी ने बैंक ड्राॅफ्ट से भुगतान करने को कहा था। हाई कोर्ट ने माना कि रासायनिक परीक्षण का सकारात्मक परिणाम अपने आप रिश्वत स्वीकारने का निर्णायक प्रमाण नहीं है। अभियोजन को मांग और स्वीकारोक्ति विश्वसनीय साक्ष्यों से साबित करनी होगी।