
नइदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। 24 घंटे के दौरान मौसम में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग की माने तो बादल धीरे-धीरे छंटने लगेंगे और इसी के साथ ठंड का असर भी बढ़ने लगेगा। मंगलवार तक आसमान पूरी तरह से साफ होने के आसार है।
सोमवार को सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, मैहर और पांढुर्णा जिलों में कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही बने रहने और कहीं-कहीं हल्की या रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने निम्न दबाव के क्षेत्र तथा उससे जुड़े चक्रवातीय परिसंचरण के कारण क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। उत्तरी छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र रविवार सुबह 8:30 बजे तक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में सक्रिय रहा।
चक्रवातीय परिसंचरण ऊंचाई तक विस्तृत है। पूर्वी मध्य प्रदेश से लेकर उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, उत्तरी गंगीय पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश होते हुए मणिपुर तक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इन मौसम प्रणालियों का असर आंशिक रूप से मौसम का प्रभावित करेगा।
बहरहाल रविवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री बढ़त के साथ 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी