
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मदन महल-दमोहाका ओवरब्रिज पर चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बार चोरों ने रानीताल चौक पर बने केबल स्टे ब्रिज को निशाना बनाया। चोर जंक्शन बाक्स, ड्राइवर, एमसीबी, बॉल-वाशर, लाइट और कोर केबल सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
पुलिस के अनुसार रानीताल चौक पर स्टील केबल से बना ब्रिज है। चोरों ने वहां पहुंचकर ब्रिज में लगे विद्युत और अन्य उपकरण निकाल लिए। निर्माण एजेंसी के उप प्रबंधक नीलाभ आनंद ब्रिज का निरीक्षण करने पहुंचे, तो सामान गायब मिला। उन्होंने लार्डगंज पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और उप प्रबंधक की रिपोर्ट पर चोरी का प्रकरण दर्ज किया।
प्रदेश के सबसे बड़े फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। निर्माण एजेंसी की ओर से नियमित पेट्रोलिंग और निरीक्षण नहीं किया जाता। वहीं पुलिस की नियमित गश्त भी नजर नहीं आती। शाम से देर रात तक फ्लाईओवर पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
फ्लाईओवर पर चोरी की यह पहली घटना नहीं है। दिसंबर 2025 में दमोहनाका रोटरी के पास ब्रिज और रोटरी को जोड़ने के लिए लगाई गई टी आकार की तीन प्लेटें काटकर चोरी कर ली गई थीं।
दमोहनाका-खिन्नी मोहल्ला निवासी गुल्ला अहिरवार पर प्लेट चोरी करने का आरोप लगा था। अगले दिन ब्रिज की देखरेख करने वाली कंपनी को चोरी की जानकारी हुई थी। कंपनी के मैनेजर ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के पंडाल में करंट से मौत के बाद प्रशासन सख्त, 24 घंटे वाॅलंटियर और कैमरे जरूरी, नए नियम भी मानने होंगे