
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर और आसपास के क्षेत्रों में चोरों ने दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम देकर नकदी और जेवरात पार कर दिए। कहीं चोर घर की दीवार की ईंटें निकालकर अंदर घुसे तो कहीं सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लार्डगंज थाना क्षेत्र के उजारपुरवा गली नंबर दो निवासी जगत सिंह गौड़ (37) आटो चलाते हैं। वे घर में ताला लगाकर ससुराल बरगी मोहास गए थे।
लौटे तो घर के अंदर की दीवार की ईंटें निकली मिलीं। चोर इसी रास्ते घर में दाखिल हुए थे। अंदर रखे सोने का लाकेट, चांदी के कड़े, आठ हजार रुपये नकद और अन्य सामान चुराकर फरार हो गए।
गोसलपुर के महाकाली ग्राउंड के पास भी चोरी की वारदात हुई। यहां चोरों ने एक ही परिवार के दो सूने मकानों को निशाना बनाया। गनपत सिंह चौहान (45) की मां लक्ष्मी चौहान 12 नवंबर को मधुवन स्थित ओम शांति संस्थान गई थीं।
उनके चाचा जगमोहन सिंह का मकान भी बाजू में है, जो अभी में कटंगी में रहते हैं। 13 नवंबर की रात चोरों ने दोनों मकानों के ताले तोड़ दिए।
लक्ष्मी के घर से 60 हजार रुपये नकद और चांदी के आठ सिक्के, जबकि जगमोहन के घर से सोने की दो चेन चोरी कर लीं। घरों में सामान बिखरा मिलने पर स्वजनों को वारदात का पता चला। गोसलपुर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में चार करोड़ रुपये से सड़क बनाई, अब डिवाइडर से 15 लाख रुपये की ग्रिल ले गए चोर