
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जिले में चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर दी। खितौला के प्रज्ञा विहार कॉलोनी में चोरों ने घर का ताला तोड़कर तीन अलमारियां खंगालीं और जेवरात सहित 42 हजार रुपये चोरी कर लिए। वहीं बरेला के कुड़ारी उमरिया गांव में भी सूने मकान से जेवर, नकदी और घरेलू सामान चोरी हो गया।
पुलिस के अनुसार प्रज्ञा विहार कॉलोनी निवासी हीरालाल झारिया (67) रविवार को दोपहर करीब एक बजे पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर बेटे से मिलने कटनी गए थे। रात करीब चार बजे पड़ोस में रहने वाली महिमा दुबे ने फोन कर घर का दरवाजा खुला होने और लाइट जलने की सूचना दी।
हीरालाल बेटे के साथ घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर तीन अलमारियों के लॉक भी टूटे हुए थे। चोर सोने का हार, चेन, चार चूड़ियां, अंगूठियां, बच्चों के आभूषण, चांदी की पायल, चूड़ियां, सिक्के, बर्तन, 16 जोड़ी बिछिया और 42 हजार रुपये ले गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- ऑनलाइन गेम में 10 लाख हारने के बाद बने चोर, पुलिस ने 2 को दबोचा, 15.50 लाख के जेवरात व कार जब्त
वहीं, दूसरी वारदात बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़ारी उमरिया में हुई। यहां प्रमोद कुमार विश्वकर्मा (54) और उनकी पत्नी अंजना विश्वकर्मा रविवार की रात घर पर नहीं थे। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर, हार, कान की बालियां, पायल, एक गैस सिलिंडर और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। दोनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।