नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र में मोपेड पर आए तीन बदमाशों ने एक ढाबा के रसोईया पर पिस्टल तान दिया। विवाद करते हुए गोली चलाई। वह गोली ढाबा के एक अन्य कर्मी को जाकर लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित भाग गए। घटना शनिवार की देर रात को गढ़ा रेलवे स्टेशन के पास बाइपास में स्थित एक ढाबा में हुई।
भेड़ाघाट-तिलवारा बाइपास पर स्थित जंक्शन ढाबा में रात को कुछ लोग बैठकर खाना खा रहे थे। तभी वहां पर मोपेड सवार सूपाताल निवासी तुषार उर्फ गुल्लू सोनी अपने दो साथियों के साथ पहुंचा। उसने ढाबा में खाना बनाने वाले ग्राम कुंगवा निवासी मोहित चौधरी को रसोई से बाहर बुलाया। उसके साथ विवाद करते हुए धमकाने लगा। यह देखकर ढाबा कर्मी दशमेश द्वार के पास निवासी शिवम उर्फ नाटी गुप्ता ने बीच-बचाव का प्रयास किया।
इसी दौरान तुषार और उसके दोनों साथी मारपीट करने लगे। धक्का-मुक्की के बीच तुषार ने पिस्टल से गोली दाग दिया। यह गोली शिवम को आकर लगी। उसके बाद तीनों बदमाश फरार हो गए। आरोपित को ढाबा के रसोईये का अपनी पत्नी से बात करना पसंद नहीं था। गोली चलने के साथ ही ढाबा में खाना खा रहे लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपित ने मोहित को बात करने के लिए रसोई से बाहर बुलाया। जैसे वह बाहर निकला उसे धमकाते हुए बोला कि तू मेरी पत्नी से बात करता है। आज तुझे नहीं छोडूंगा। चल जान से खत्म कर देता हूं। यह कहते हुए आरोपित तुषार उर्फ गुल्लू ने पिस्टल निकाल लिया। उसके दोनों साथी भी अभद्रता करते हुए मोहित को मारने के लिए दौड़े। उसे बचाने के लिए शिवम आया तो उसके साथ भी विवाद किया।
आरोपित तुषार के पिस्टल निकालते ही मोहित और शिवम घबरा गए। उससे बचने के लिए वह पत्थर फेंकते हुए ढाबा के अंदर भागे। उन्हें बचकर भागते हुए देखकर तुषार ने पिस्टल से गोली दाग दी। गोली शिवम के बाएं हाथ में आकर लगी और वह वहीं गिर गया। उसके बाद आरोपित तेजी से मोपेड चलाते हुए भाग गए। घायल शिवम को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। तिलवारा पुलिस आरोपित तुषार और उसके दो साथियों की तलाश कर रही है।
इसे भी पढ़ें... MP News: दुश्मनी निकालने के लिए बाप ने नाबालिग बेटे से चलवाई गोली, वजह जान चौंक जाएंगे आप