
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। विजय नगर थाना क्षेत्र में मोपेड से लूट की वारदात करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छीनी गई चांदी की चेन, ब्रेसलेट, 400 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोपेड जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में माढ़ोताल के शिव शक्ति नगर चुंगी नाका निवासी अनूप श्रीपाल (18), वृंदावन कालोनी मदर टेरेसा नगर निवासी कृष्णा पटेल (18) और बाबा बर्फानी के पास निवासी संतोष चौधरी (22) शामिल हैं।
कटरा अधारताल निवासी 24 वर्षीय शिवा केवट फर्नीचर का काम करता है। वह चुंगी नाका स्थित मोबाइल दुकान पर किस्त जमा कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था।
घड़ी चौक के पास स्कीम नंबर-पांच गरबा ग्राउंड के नजदीक बिना नंबर की मोपेड पर सवार तीन युवकों ने उसे रोका। दो बदमाशों ने गर्दन पकड़कर चांदी की चेन और हाथ से ब्रेसलेट छीन लिया। जेब में रखे एक हजार 950 रुपये भी लूट लिए।
आरोपी मोटरसाइकिल की चाबी निकालकर घड़ी चौक की ओर भाग गए। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। मुखबिर की सूचना पर तीनों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने वारदात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 60 फीट चौड़ी सड़क पर कब्जा, 10-15 फीट में सिमटा आवागमन; दिनभर लगा रहता है जाम