
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बल्देवबाग से गल्ला मंडी के बीच करीब 60 फीट चौड़ी सड़क है, लेकिन अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग ने इसे महज 10 से 15 फीट तक सीमित कर दिया है। दुकानदारों ने सामने के हिस्से पर कब्जा जमा रखा है तो बची जगह पर चाय-पान, फल और सब्जियों के ठेले लगे हैं।
सड़क किनारे खड़े लोडिंग वाहन भी यातायात में बाधा बन रहे हैं। नतीजा यह कि दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस अव्यवस्था से व्यापारियों के साथ खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहक और राहगीर भी परेशान हैं। मार्ग पर दुकानदारों ने दुकानों के सामने करीब 20 फीट तक जगह घेर रखी है।
कहीं दुकान का सामान सड़क तक फैला है तो कहीं सड़क पर ही कारोबार चल रहा है। इसके आगे ठेले लगने से आवागमन के लिए जगह और कम हो जाती है। हालात ऐसे हैं कि दो चारपहिया वाहन आमने-सामने आ जाएं तो उन्हें निकलने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। दोपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर भी ठेलों तथा खड़े वाहनों के बीच से रास्ता तलाशते हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर होकर चलेगी छपरा-उधना स्पेशल ट्रेन, सतना, कटनी और इटारसी स्टेशनों पर होगा ठहराव
दिनभर जारी रहती है लोडिंग-अनलोडिंग
गल्ला मंडी में माल लेकर आने वाले ट्रकों और अन्य लोडिंग वाहनों के लिए समय निर्धारित नहीं है। इस कारण दिनभर सड़क पर ही वाहन खड़े कर माल चढ़ाने-उतारने का काम चलता रहता है। व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से वाहन सड़क पर खड़े होते हैं और पहले से सीमित रास्ते पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। ई-रिक्शा और लोडिंग वाहनों की आवाजाही जाम को और गंभीर कर देती है।
दुकानों तक पहुंचना मुश्किल, कारोबार भी प्रभावित
इस मार्ग पर व्यापार करने वाले दुकानदारों के साथ ग्राहकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। जाम के कारण ग्राहक वाहन लेकर दुकानों तक नहीं पहुंच पाते। कई बार रास्ता पार करने और वाहन निकालने में ही काफी समय लग जाता है।
व्यापारियों की मांग है कि सड़क से अतिक्रमण हटाने के साथ लोडिंग-अनलोडिंग का समय तय किया जाए और वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था हो। सड़क पर्याप्त चौड़ी होने के बावजूद उसका पूरा उपयोग नहीं हो पाना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
यह भी पढ़ें- Board Exam 2027: छत्तीसगढ़ बोर्ड ने जारी किया 10वीं और 12वीं का टाइम-टेबल, यहां देखें पूरी जानकारी