
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पाटन थाना क्षेत्र की साहू कालोनी में शनिवार को टायर पंचर की दुकान पर ट्रैक्टर-ट्राली का टायर फटने से युवक की मौत हो गई। जबलपुर रोड में अजय साहू की टायर पंचर बनाने की दुकान है।
शनिवार को एक ट्रैक्टर-ट्राली दुकान पर पहुंची थी। उसका एक टायर पंचर था। दुकान में काम करने वाले बालमुकुंद प्रधान (30) टायर का पंचर बनाना शुरू किया।
इसी दौरान जब वह पंचर सुधारने के बाद वह टायर में हवा भर रहा था, विस्फोट जैसी आवाज आई। हवा का दबाव बढ़ने से टायर फूट गया। घटना में बालमुकुंद को गंभीर चोटें आई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं सिहोरा के पहरेवा तिराहा पर शुक्रवार-शनिवार मध्यरात्रि करीब तीन बजे दो पहिया वाहन को बचाने के चक्कर में टमाटर से लदा पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ड्रायवर और क्लीनर केबिन में फंस गए।
दुर्घटना के बाद सड़क पर टमाटर बिखरने से यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। चालक अशोक यादव (35) उत्तरप्रदेश से पिकअप में टमाटर लोड कर नागपुर मंडी जा रहा था। उसके साथ क्लीनर राकेश यति (38) भी सवार था।
पहरेवा तिराहा के पास अचानक दो पहिया वाहन सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में पिकअप पलट गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल गैस कटर बुलवाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में क्रेन की मदद से वाहन हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में प्रसव के बाद नवजात के हाथ की हड्डी टूटी, सीएमएचओ बोले- केस क्रिटिकल था