
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव के सोमवार को जबलपुर आगमन और पदयात्रा कार्यक्रम के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। पदयात्रा के दौरान दोपहर 12 से शाम छह बजे तक गोल बाजार से मालवीय चौक तक का पूरा मार्ग रेड जोन रहेगा।
दोपहिया, तीनपहिया, आटो, ई-रिक्शा और चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गोल बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है। ऐसे में बाजार क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से फ्लाइओवर का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री की पदयात्रा गोल बाजार से शुरू होकर श्याम टाकीज तिराहा, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, भार्गव चौक, तुलाराम चौक और करमचंद चौक होते हुए मालवीय चौक पहुंचेगी। इस पूरे मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बल्देवबाग से पांडेय चौक और बल्देवबाग से रानीताल चौक तक दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक आवागमन के साथ ही लोडिंग-अनलोडिंग प्रतिबंधित किया गया है।
यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों के लिए डायवर्जन निर्धारित किए हैं। दमोह नाका की ओर से आने वाले वाहन बल्देवबाग से उखरी की तरफ जा सकेंगे। गोहलपुर की ओर से आने वाले वाहन फ्लाइओवर से रानीताल रोटरी होकर महाराष्ट्र स्कूल वाले मार्ग पर उतरकर तीनपत्ती चौक पहुंचेंगे। वहीं हाईकोर्ट की ओर से आने वाले वाहन घंटाघर, तैयब अली चौक और तीन पत्ती तिराहा होते हुए रानीताल की तरफ जा सकेंगे।
छोटी लाइन और ब्लूम चौक की ओर से आने वाले वाहन तीनपत्ती चौक से यातायात थाना तिराहा होते हुए फ्लाइओवर का इस्तेमाल कर सकेंगे। मदनमहल की ओर से आने वाले वाहनों को गेट नंबर चार से डायवर्ट किया जाएगा। तीनपत्ती से ज्योति टाकीज होते हुए तैयब अली चौक की ओर भी आवागमन किया जा सकेगा। इसके अलावा बल्देवबाग से पांडेय चौक और रानीताल चौक तक दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों की आवाजाही और लोडिंग-अनलोडिंग प्रतिबंधित रहेगी।
दमोह नाका की ओर से : बल्देवबाग से उखरी की ओर जाएं।
गोहलपुर की ओर से : फ्लाइओवर → रानीताल → महाराष्ट्र स्कूल मार्ग → तीनपत्ती चौक।
हाईकोर्ट की ओर से : घंटाघर → तैयब अली चौक → तीनपत्ती तिराहा → रानीताल।
छोटी लाइन और ब्लूम चौक की ओर से : तीन पत्ती चौक → यातायात थाना तिराहा → फ्लाइओवर।
छोटी लाइन और ब्लूम चौक की ओर से : मदन महल की ओर से आने वाले वाहन गेट नंबर चार से डायवर्ट होंगे।
छोटी लाइन और ब्लूम चौक की ओर से : तीनपत्ती → नौदरा ब्रिज → तैयब अली चौक।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी बसें निर्धारित मार्गों से ही वापस लौटेंगी। यातायात पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि पदयात्रा के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, घर से निकलने के पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लें और यातायात पुलिस एवं जिला प्रशासन का सहयोग करें।
यह भी पढ़ें- आज जबलपुर में निकलेगी विशाल पदयात्रा, मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव होंगे शामिल