
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ट्रेन में यात्रा के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए कटनी के 22 वर्षीय सुजीत कुमार पटेल के लिए एक रेलकर्मी की सजगता जिंदगी बचाने वाली साबित हुई। सिर और पैर में गंभीर चोट के साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें थीं और हालत नाजुक थी।
सूचना मिलते ही सीनियर पैसेंजर ट्रेन मैनेजर चतर सिंह मीना ने ट्रेन रुकवाकर घायल यात्री को ब्रेक वैन में सुरक्षित पहुंचाया और प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद जबलपुर स्टेशन पर रेलवे के समन्वित प्रयास से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
सीनियर पैसेंजर ट्रेन मैनेजर ने बताया कि गाड़ी संख्या 22182 निजामुद्दीन-जबलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सागर से जबलपुर ड्यूटी कर रहे चतर सिंह मीना को 13 सितंबर को अधारताल-जबलपुर रेलखंड पर एक यात्री के ट्रैक किनारे घायल पड़े होने की सूचना मिली थी। चालक से तुरंत ट्रेन रुकवाई और घायल को ब्रेक वैन में लेकर प्राथमिक उपचार दिया।
उन्होंने जबलपुर के पंक्चुअलिटी स्टाफ को सूचना देकर सहायता की भी व्यवस्था कराई। ट्रेन पहुंचते ही वाणिज्य विभाग, आरपीएफ और जीआरपी ने समन्वय कर घायल यात्री को अस्पताल पहुंचाया। स्वजनों से संपर्क कर उन्हें भी जानकारी दी गई।
समय पर उपचार मिलने से सुजीत की जान बच गई। जबलपुर के अस्पताल में उसका ऑपरेशन हुआ और शुक्रवार को स्वस्थ होकर वह कटनी स्थित अपने घर पहुंच गया। स्वजनों ने रेलवे की सराहना की।
यह भी पढ़ें- परीक्षा से एक घंटे पहले उच्च न्यायालय पहुंची याचिका, कोर्ट ने कहा- रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के छात्र शामिल हों