
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कैंसर के इलाज के लिए अब महाकोशल और विंध्य के मरीजों को दूसरे बड़े शहरों की दौड़ लगाने से राहत मिलेगी। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल काॅलेज के अधीन संचालित स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (एससीआई) की क्षमता 180 से बढ़ाकर 300 बेड की जाएगी।
एनसीएल की करीब 2.80 करोड़ रुपये की सहायता से डिजिटल मैमोग्राफी मशीन, पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड और मोबाइल स्क्रीनिंग वैन की व्यवस्था की गई है।
यह वैन सप्ताह में पांच दिन गांवों में जाकर 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की मुफ्त जांच करेगी। संदिग्ध मरीजों को एससीआई रेफर किया जाएगा।
संस्थान में आईसीजी फ्लोरेसेंस गाइडेड प्रिसीजन सर्जरी की सुविधा भी विकसित होगी और पहली 500 जरूरतमंद महिलाओं की सर्जरी मुफ्त की जाएगी।
विदित हो कि वर्ष 2025 में ओपीडी में 33,503 मरीज पहुंचे, जबकि 6,400 पंजीयन में केवल 2,100 को पूरा इलाज मिल सका और 4,300 मरीजों को बाहर जाना पड़ा।
संस्थान में सिर्फ 4 आन्कोलाजिस्ट हैं, जरूरत 16 की है। नर्सिंग स्टाफ 40 फीसदी कम है, कीमो वार्ड में एक नर्स पर 15 मरीज हैं। फ्लो साइटोमीटर, सीटी सिम्युलेटर, मैमोग्राफी और आन्को सर्जरी उपकरणों के टेंडर 3 बार निरस्त हो चुके हैं। अगर लिनैक, बेड विस्तार और स्टाफ भर्ती एक साथ जमीन पर उतरे, तो यह सौगात सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि हजारों मरीजों के लिए जीवनदान बनेगी।
मेडिकल कालेज डीन डाक्टर नवनीत सक्सेना के अनुसार संस्थान को सबसे ज्यादा इंतजार लीनियर एक्सीलरेटर मशीन का है। अभी यहां एक कोबाल्ट और एक ब्रैकीथेरेपी मशीन से रोजाना 80 से 90 मरीजों की सिकाई हो रही है। नई लिनैक मशीन से कैंसर कोशिकाओं पर सटीक रेडिएशन दिया जा सकेगा और आसपास के स्वस्थ अंग सुरक्षित रहेंगे।
दिसंबर तक करीब 42 करोड़ रुपये की यह मशीन जर्मनी से आएगी, बजट को हरी झंडी मिल चुकी है। अमूनन निजी अस्पतालों में सिकाई का खर्च 70 हजार से 2 लाख रुपये तक है, जबकि सरकारी अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत यह मुफ्त होगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में वृद्धा की मौत के बाद जागा विभाग, एक माह बाद भी कागजों में अटका एंबुलेंस ऑडिट