
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पर्यटन से जुड़कर अतिरिक्त आय और रोजगार के अवसर तलाश रहे लोगों के लिए 20 सितंबर को होम स्टे, फार्म स्टे, ग्राम स्टे एवं बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना के तहत पंजीयन शिविर एवं कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
शिविर होटल कल्चुरी रेसीडेंसी, सिविल लाइंस में दोपहर 1:30 बजे से शुरू होगा। होम स्टे ओनर्स वेलफेयर सोसाइटी, मध्य प्रदेश के आयोजन तथा मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के मार्गदर्शन में होने वाले इस शिविर में जबलपुर सहित मंडला, डिंडोरी, कटनी, नरसिंहपुर और अनूपपुर के इच्छुक लोग शामिल हो सकेंगे।
कार्यशाला में पंजीयन की प्रक्रिया, निरीक्षण, योजना के लाभ, सब्सिडी तथा अतिथि पंजीयन सहित आवश्यक जानकारी दी जाएगी। मौके पर ही पंजीयन फार्म भरने की सुविधा भी रहेगी।
शिविर में आने वाले इच्छुक लोगों से अपने घर या फार्म हाउस के फोटो, स्वीकृत नक्शे तथा संबंधित दस्तावेज साथ लाने के लिए कहा गया है। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध आवासीय सुविधाओं को पर्यटन से जोड़ना और लोगों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की उपलब्ध पंजीकृत सूची में जबलपुर की कई होम स्टे इकाइयां भी शामिल रही हैं, जिससे जिले में इस तरह के पर्यटन कारोबार की मौजूदगी सामने आती है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर-रीवा शटल में अब एसी की बढ़ेगी सुविधा, स्लीपर भी जुड़ेगा, रायपुर इंटरसिटी में चार कोच की वृद्धि