
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को नया न्यायिक मोड़ आ गया। त्विषा के पिता नवनिधि शर्मा ने भोपाल में चल रहे मामले को स्थानांतरित करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसफर पिटीशन दायर की है।
इस पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने भोपाल में चल रहे ट्रायल पर रोक लगा दी और नोटिस जारी किया। उधर, मामले में आरोपित पूर्व न्यायाधीश गिरीबाला सिंह की जमानत पर हाई कोर्ट में सुनवाई 26 अक्टूबर तक टल गई।
शुक्रवार को हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति अजय कुमार निरंकारी की एकलपीठ के समक्ष गिरिबाला सिंह की जमानत सुनवाई के लिए आई। इस दौरान दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी दी।
सुनवाई के समय तक सुप्रीम कोर्ट का लिखित आदेश अपलोड नहीं हुआ था। इसके चलते हाई कोर्ट ने आदेश का अवलोकन करने के बाद सुनवाई करने का निर्णय लिया। अब अगली सुनवाई 26 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे निर्धारित की गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट को गिरिबाला सिंह की जमानत पर दो सप्ताह के भीतर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि ट्रायल पर रोक के बावजूद जमानत पर हाई कोर्ट में सुनवाई की जा सकती है। दोनों पक्षों ने तत्काल बहस के लिए अपनी तैयारी भी जताई, लेकिन लिखित आदेश उपलब्ध नहीं होने के कारण सुनवाई आगे बढ़ा दी गई।
नवनिधि शर्मा की ट्रांसफर पिटीशन में सीबीआई, गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को प्रतिवादी बनाया गया है। सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति जायमाल्य बागची की युगलपीठ ने की। प्रकरण में सीबीआई की जांच और ट्रायल की कार्यवाही को लेकर उठे सवालों पर अब सुप्रीम कोर्ट के आगामी आदेश महत्वपूर्ण होंगे।
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा ट्रायल पर रोक लगाए जाने को गिरिबाला सिंह को जमानत मिलने के रूप में नहीं देखा जा सकता। उनकी जमानत पर निर्णय हाई कोर्ट को करना है। त्विषा की मौत के मामले में सीबीआई ने आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 भी जोड़ी है। अब 26 अक्टूबर को हाई कोर्ट की सुनवाई और सुप्रीम कोर्ट के लिखित आदेश के बाद मामले की आगे की दिशा स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में मदन महल फ्लाईओवर पर रांग साइड से आ रहा डंपर बना काल, तीन दोस्तों को मारी टक्कर; एक की मौत