
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में मूर्तिकार मनोज सोनकर उर्फ बाबा (50) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित शुभम मराठा की बहन खाई मोहल्ला निवासी स्वाती राव उर्फ शीनू और बाबा टोला निवासी सुमित चौधरी को गिरफ्तार किया है।
स्वाती ने पति सुब्बा राव, भाई शुभम और भरत यादव उर्फ चिंटू के साथ बाबा की हत्या की योजना बनाई थी। सुमित ने मनोज की रैकी कर आरोपितों तक उसकी गतिविधियों की जानकारी पहुंचाई और वारदात के बाद भागने में भी मदद की।
चार सितंबर की रात मनोज मूर्ति बना रहा था, तभी शुभम और भरत वहां पहुंचे और गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी। जांच में सामने आया कि हत्या की रूपरेखा स्वाती के घर में बनी थी। वर्ष 2021 में बाबा के बेटों अनिकेत और छोटू ने शुभम-स्वाती के भाई बिट्टू मराठा की चाकू मारकर हत्या की थी।
रंजिश में बदला लेने के लिए बाबा की हत्या की योजना बनाई गई। मामले में शुभम और भरत भी आरोपित हैं। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में गर्भवती को अविवाहित बताकर कराई शादी, युवक से 1.38 लाख रुपये की ठगी