
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के मेट्रो हॉस्पिटल दमोहनाका में सोमवार देर रात अंगदान को लेकर दो ग्रीन कॉरिडोर बनाने की तैयारी की जा रही है। ब्रेन डेड मरीज के स्वजनों द्वारा अंगदान की सहमति के बाद अस्पताल प्रबंधन ने प्रशासन और पुलिस से समन्वय शुरू कर दिया है। रात 10 बजे के बाद कॉरिडोर बनाए जाने की संभावना है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार मरीज के दो महत्वपूर्ण अंगों को जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने के लिए दो अलग-अलग ग्रीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे। एक कॉरिडोर मेडिकल कॉलेज जबलपुर के लिए और दूसरा कॉरिडोर नागपुर के लिए प्रस्तावित है।
इसको लेकर मेट्रो हॉस्पिटल प्रबंधन, जिला प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और मेडिकल टीम के बीच देर रात बैठक हुई। यातायात पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है ताकि अंगों को निर्धारित समय में बिना किसी बाधा के गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
मेट्रो हास्पिटल ने बताया कि अंगदान की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। सोट्टो (राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन) से स्वीकृति मिलने के बाद ग्रीन कारिडोर का समय तय किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में खेल रहे पांच साल के बच्चे ने लोहे की कील निगली, आंत में दो माह तक फंसी रही