
नईदुनिया प्रतिनिधि , जबलपुर। अपनी जड़ों से जुड़ाव इंसान को सात समंदर पार से भी अपनी मिट्टी तक खींच लाता है। इसकी भावुक मिसाल संस्कारधानी जबलपुर में देखने मिली।
जब इजराइल से पहुंचीं दो यहूदी महिलाओं सीनोरा शेम्युएल व येशुरा जूडाह ने रानीताल स्थित अपने पूर्वजों के कब्रिस्तान में जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने पुरखों की कब्रों पर दीप जलाए और परिवार की स्मृतियों से जुड़कर भावपूर्ण क्षण बिताए। इजराइल में बस चुकी पीढ़ियों का जबलपुर पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि भौगोलिक दूरियां भले बढ़ जाएं, लेकिन पूर्वजों और अपनी जन्मभूमि से जुड़ा रिश्ता कायम रहता है।
कोविद वर्मा, सचिव महाकोशल ज्यूश एसोसिएशन व जाबालिपुरान संस्था के मुकुल मोदी ने बताया कि रानीताल, आगा चौक के समीप स्थित यहूदी कब्रिस्तान जबलपुर की बहुधार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
लगभग सौ वर्ष पुराने इस परिसर में सौ से अधिक कब्रें मौजूद हैं। ब्रिटिश शासनकाल में जबलपुर में करीब 200 यहूदी परिवार निवास करते थे। तत्कालीन प्रशासन ने उनके अंतिम संस्कार के लिए लगभग पांच हजार वर्गफुट भूमि आवंटित की थी। आजादी के बाद अधिकांश परिवार इजराइल चले गए। वर्तमान में शहर में यहूदी समुदाय के गिने-चुने परिवार ही शेष हैं।
यह कब्रिस्तान केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि जबलपुर में यहूदी समुदाय के सामाजिक और सांस्कृतिक इतिहास का जीवंत दस्तावेज है। यहां दफन पूर्वजों के नाम और स्मृति-चिह्न उन परिवारों की कहानी कहते हैं, जिनकी अगली पीढ़ियां अब भारत से बाहर बस चुकी हैं। जबलिपुराण की शालोम जबलपुर पहल के माध्यम से इस विरासत का दस्तावेजीकरण, कब्रों के अभिलेख तैयार करने और विदेशों में बसे वंशजों को जबलपुर से दोबारा जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कब्रिस्तान की जमीन और संरक्षण को लेकर विवाद भी सामने आ चुका है। समुदाय ने कथित अतिक्रमण और कब्रों को नुकसान पहुंचाए जाने की शिकायत की थी।
यह भी पढ़ें- सरकार से अनुदान प्राप्त संस्थानों में रिटायरमेंट की उम्र 62 साल रहेगी, MP हाईकोर्ट का फैसला