जबलपुर में कांग्रेस पर बरसे केंद्रीय मंत्री मेघवाल, बोले- सड़कों पर मार्च निकालने से नहीं बदलती सत्ता
भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने जबलपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोला है।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 04:32:17 PM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 04:32:17 PM (IST)
HighLights
- ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री
- कहा, संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन गया है
- कांग्रेस को चुनाव के समय अपना घोषणापत्र लेकर जनता के बीच जाना चाहिए
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने जबलपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस पर चौतरफा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाकर भारत की अर्थव्यवस्था और छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाना चाहती है।
'संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश'
मेघवाल ने कांग्रेस के हालिया प्रदर्शनों पर निशाना साधते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन गया है। चुनाव आयोग से मिलने की एक निर्धारित प्रक्रिया है, लेकिन उसे दरकिनार कर 300 नेताओं का एक साथ वहां पहुंचना और राष्ट्रपति भवन व सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करना सिर्फ अव्यवस्था फैलाने की कोशिश है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सबके लिए खुले हैं, लेकिन वहां जाने की एक प्रक्रिया होती है जिसका पालन होना चाहिए।
राहुल गांधी के बयानों पर तीखा पलटवार
राहुल गांधी के ‘रिजीम चेंज’ (सत्ता परिवर्तन) वाले बयान का करारा जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2024 में देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपना जनादेश दे दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, सड़कों पर मार्च करने से सत्ता परिवर्तन नहीं होता, कांग्रेस को चुनाव के समय अपना घोषणापत्र लेकर जनता के बीच जाना चाहिए।
वहीं, राहुल गांधी द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताने पर पलटवार करते हुए मेघवाल ने कहा कि देश 7.8 प्रतिशत की मजबूत विकास दर से आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस अपने बयानों से देश की छवि और इकॉनमी को नुकसान पहुंचा रही है।
दिवाली पर रैली और भावनाओं की अनदेखी
केंद्रीय मंत्री ने दिवाली के ठीक पहले कांग्रेस की रैली को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय कांग्रेस ने न सिर्फ व्यापारियों की अपील को अनसुना किया, बल्कि सिख समुदाय की भावनाओं को भी नजरअंदाज कर दिया। मेघवाल ने कहा कि भाजपा की इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य ही जनता को कांग्रेस की इस नकारात्मक राजनीति के प्रति जागरूक करना है।
सीएम यादव और प्रदेशाध्यक्ष होंगे पदयात्रा में शामिल
जबलपुर में भाजपा की यह भव्य पदयात्रा गोल बाजार से शुरू होकर मालवीय चौक, गंजीपुरा और कमानिया होते हुए वापस गोल बाजार पर ही समाप्त होगी। इस अहम पदयात्रा में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कई अन्य वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। इस आयोजन को लेकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा समेत सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।