
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भोपाल के ऐतिहासिक छोला दशहरा मैदान पर प्रस्तावित व्यावसायिक निर्माण का मामला हाई कोर्ट पहुंच गया है। मैदान के सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व व सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जे को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई।
मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया। याचिका भोपाल निवासी हिंदू उत्सव समिति के सदस्य मनोज शुक्ला और मनोज ठाकुर की ओर से दायर की गई है।
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि यह मैदान भोपाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मैदान की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर विशाल व्यावसायिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। इससे दशहरा उत्सव सहित वर्षों से आयोजित होने वाले धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
याचिकाकर्ताओं के अनुसार, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
मामले की सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अजय गुप्ता ने पक्ष रखा, जबकि राज्य शासन की ओर से उप महाधिवक्ता स्वप्निल गांगुली ने पैरवी की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद खंडपीठ ने निर्णय सुरक्षित रख लिया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में शादी का झांसा देकर किया शोषण, अब मतांतरण के लिए बना रहा दबाव; पति को बताने की दी धमकी