
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अधारताल तिराहा स्थित चिकन सेंटर में मरे मुर्गों को बेचने का वीडियो प्रसारित होने से हड़कंप मचा रहा। दरअसल इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल वीडियो के माध्यम से ये आरोप लगाया जा रहा है कि गोल्डन ब्रायलर चिकन सेंटर में एक बड़े वाहन से कथित रूप से मृत मुर्गों को उतारा गया जिसे बेचना जा रहा है।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन चौंकन्ना हो गया और मौके पर आधारताल तहसीलदार और पुलिस भी चिकन सेंटर पहुंच गई। जांच के दाैरान प्रशासनिक वेटरनरी की टीम को बुलाकर सेंपल लिए वहीं पूरे मामले की जांच कराने की बात कही जा रही है।
बताया जाता है कि जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें वाहन से उतारे गए मुर्गे अचेत व मृत अवस्था में नीचे पड़े हैं जिन्हें कर्मचारी द्वारा उठाकर ले जाया जा रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद हिंदू धर्म सेना के कार्यकर्ता भी पहुंच गए।
सूचना मिलने पर स्थानीय अधारताल थाना पुलिस और प्रशासनिक आधारताल तहसीलदार हरिसिंह धुर्वे भी पहुंच गए। बताया जाता है कि मौके पर मृत मुर्गें के सैंपल लिए गए जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया। जनस्वास्थ्य तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
आधारताल तहसीलदार के साथ संयुक्त रूप से चिकन सेंटर की जांच की गई है। वेटरनरी विभाग से टीम बुलवाकर कुछ सैंपल लिए गए है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विपिन ताम्रकार, थाना प्रभारी आधारताल
यह भी पढ़ें- जबलपुर के खितौला में रंजिश का खतरनाक मोड़, युवक पर डाला पेट्रोल, बीड़ी की चिंगारी भड़की