
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। नर्मदा जल प्रदाय योजना के तहत 120 एमएलडी क्षमता वाले रमनगरा जलशोधन संयंत्र के राइजिंग मेन में 1200 एमएम के बटरफ्लाई वाल्व में लीकेज सुधार का काम किया जाएगा। इसके चलते शनिवार को सायंकालीन से लेकर रविवार प्रातःकालीन तक जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। इसलिए पानी बचाकर खर्च करें।
कार्यपालन यंत्री जल कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि राइजिंग मेन के वाल्व में लीकेज के कारण सुधार कार्य किया जाना जरूरी है। काम के दौरान रमनगरा जलशोधन संयंत्र से भरी जाने वाली विभिन्न उच्चस्तरीय टंकियों में जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
नगर निगम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था करने की बात भी कही जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि लीकेज सुधार का काम पूरा होते ही जलापूर्ति व्यवस्था को सामान्य कर दिया जाएगा। निगम ने नागरिकों से सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
रमनगरा संयंत्र से भरी जाने वाली बिड़ला धर्मशाला, मेडिकल, त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, रामेश्वरम, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, मोतीनाला, आनंद नगर, लेमा गार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टेरेसा, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, न्यू शोभापुर और राजीव नगर की टंकियां प्रभावित रहेंगी। इसके अलावा अमृत योजना के अंतर्गत देवताल उच्चस्तरीय टंकियों से होने वाली जलापूर्ति भी प्रभावित होगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के बरगी बांध का बढ़ा जलस्तर, सीजन में तीसरी बार खुले पांच गेट, घाट के किनारे सतर्क रहें