
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात का असर अब कम हो गया है। इसी के साथ अब मौसम में भी आंशिक रूप से सुधार नजर आ रहा है। चार दिन बाद धूप खिली रही। हालांकि बीच-बीच में हल्के बादल भी आते-जाते रहे।
मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले दो दिनों तक मौसम मिला-जुला रहेगा। धूप निकलेगी बादल भी छाएंगे। इसके बाद चार नवंबर को फिर मौसम की रंगत फिर बदल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है, वहीं, मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है।
चार नंवबर को संभाग के कटनी, मंडला, डिंडौरी, नरसिंहपुर व अास-पास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। जबलपुर में मौसम मिला जुला रह सकता है। इसके बाद छह नवंबर से मौसम पूरी तरह से साफ होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार मौसम के सामान्य होते ही दिन का तापमान भी बढ़ने लगा है। रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस से चार डिग्री उछल कर 29.5 डिग्री पर वापस पहुंच गया। इसके और बढ़ने की संभावना है।
ऐसे में दिन में गर्माहट का अहसास हो सकता है। हालांकि रात में ठंडक बढ़ सकती है। रविवार को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री और कम होकर 17.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा का रुख उत्तरी-पश्चिमी हो गया है।
उत्तरी ठंडी हवा से वातावरण में ठंड का अहसास बढ़ सकता है। गत वर्ष की बात करें तो अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20.8 डिग्री सेल्सियस था।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में क्लाउड किचन एक माह में ही बंद, घाटे के बाद रुपये मांगे तो दोस्त के घर में की तोड़फोड़