
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। खजरी खिरिया स्थित रजा मेटल इंडस्ट्रीज स्थित कबाड़खाना विस्फोट कांड की जांच में जुटी एजेंसियों ने गिरफ्तार आरोपित शमीम कबाड़ी से पूछताछ तेज कर दी है। तीन दिन दिन पहले आनंद नगर स्थित घर से दबोचे गए आरोपी शमीम कबाड़ी अभी चार दिन की पुलिस रिमांड पर है।
शुक्रवार को एटीएस (एंटी टेररिस्ट स्क्वाड) और आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) की टीमें अधारताल थाने पहुंचीं। दोनों एजेंसियों ने अलग-अलग उससे पूछताछ की। पूरे दिन पूछताछ का क्रम चला। जांच का मुख्य केंद्र यह रहा कि कबाड़ के साथ सेना में इस्तेमाल होने वाले बमों के खोल तो पहुंचे, लेकिन कहीं उनके बीच जिंदा बम तो नहीं था।
पूछताछ के दौरान हाजी मोहम्मद शमीम रजा उर्फ शमीम कबाड़ी से दुबई में फरारी के दौरान उसके ठिकाने और वहां रहने के लिए मिली आर्थिक मदद को लेकर भी सवाल किए गए। एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि वह दुबई में किन लोगों के संपर्क में था और उसकी फरारी के पीछे किसी नेटवर्क की भूमिका थी या नहीं। पुलिस अधिकारियों ने भी उससे पूछताछ कर कई अहम जानकारियां जुटाई हैं।
25 अप्रैल 2024 को खजरी खिरिया बायपास स्थित शमीम कबाड़ी के कारखाने में भीषण विस्फोट हुआ था। हादसे में दो मजदूरों भोलाराम और खलील की मौत हो गई थी। विस्फाेट की तीव्रता और आग इतनी तेज थी कि एक मजदूर के अवशेष तक नहीं मिले थे।
घटनास्थल से सेना में इस्तेमाल होने वाले बमों के बड़ी संख्या में खोल मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया था। पुलिस ने शमीम, उसके बेटे फहीम और पार्टनर सुल्तान के खिलाफ मामला दर्ज किया था। वहीं, विस्फोट के बाद आरोपी शमीम फरार हो गया था।
जबलपुर से भागकर नागपुर पहुंचा, जहां से फर्जी दस्तोवजों से नया पासपोर्ट बनवाकर मुंबई के रास्ते दुबई फरार हो गया था। कुछ दिनों पहले वह भारत लौटा था। आनंद नगर स्थित अपने घर पर छिपकर रह रहा था। इसकी भनक लगने पर अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार की टीम ने उसे बुधवार की रात हिरासत में लिया था।
यह भी पढ़ें- एसईसीएल माइनिंग सरदार भर्ती : विवादित प्रश्नों की समीक्षा कर दो सप्ताह में नया परिणाम जारी करें