
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में आभूषणों की फोटो खींचने और 50 हजार रुपये देने के ऑफर का झांसा देकर दो महिलाएं सोने-चांदी के महंगे आभूषण लेकर फरार हो गईं। रिछाई में बड़े कुआं के पास निवासी अंजना लोधी (33) पापड़ बनाने का काम करती हैं।
एक महिला अपने साथी और बच्चे के साथ उनके घर पहुंची थी। उसने टूटे बर्तन लेकर उन्हें नया बनाकर देने की बात कही। अंजना ने उसे कुछ पुराने बर्तन दिए जिसे महिला ने नए बनाकर लाकर उसे दे दिए।
जब महिला दोबारा आई तो अंजना को बताया कि उसका पति एक कंपनी में काम करता है। उसकी कंपनी में आभूषणों की फोटो खींचने व पैसे देने का ऑफर चल रहा है।
अंजना को आभूषणों की फोटो खींचने के बदले 50 हजार रुपये के साथ आभूषण लौटाने का लालच दिया। उसने शाम चार बजे तक आभूषण और रुपये वापस करने का भरोसा दिलाया।
महिला की बातों में आकर अंजना ने अपने सोने के टाप्स और मंगलसूत्र दे दिए। उनकी भांजी पूर्णिमा पटेल ने भी सोने की लौंग, चांदी की दो अंगूठियां, चेन और हाथ का लॉकेट दे दिया। आभूषण लेकर दोनों महिलाएं बच्चे के साथ आटो में बैठकर चली गईं।
शाम तक उनके नहीं लौटने पर अंजना और पूर्णिमा ने तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। शाम को पति के घर पहुंचने पर घटना की जानकारी दी। इसके रांझी पुलिस थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में चीफ जस्टिस के बंगले के पास पांच बदमाशों ने की चाकू दिखाकर लूटपाट, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल