
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात को पांच वर्षीय बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज घटना हुई। एक महिला ने पहले गरीब दंपती का भरोसा जीता, उनके घर में रात बिताई और आधी रात को बच्ची को लेकर फरार हो गई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब छह घंटे के भीतर आरोपित महिला को मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक-छह से गिरफ्तार कर बच्ची को सकुशल परिजनों के हवाले कर दिया।
मंगलवार शाम को भंडारा प्रसाद लेने गई रेशमा की मुलाकात डिंडौरी जिले के शहपुरा क्षेत्र के ग्राम कुहानी निवासी सुमन यादव से हुई। सुमन ने खुद को परेशान बताते हुए रात गुजारने के लिए जगह मांगी। दया दिखाते हुए रेशमा उसे अपने घर ले आई।
मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि लगभग 12 बजे ईलाही की नींद खुली तो बेटी प्रिया और सुमन दोनों गायब थीं। बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद मिला।
किसी तरह बाहर निकलकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में सुमन बच्ची को साथ ले जाते हुए दिखाई दी, जिसके बाद उसकी तस्वीर सभी पुलिस टीमों को भेज दी गई।लगातार तलाश के दौरान बुधवार सुबह आरोपित महिला पांच वर्षीय बच्ची के साथ मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-छह पर मिल गई।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला से पूछताछ की जा रही है ताकि अपहरण के उद्देश्य और अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में स्कूल से किशोरी का अपहरण कर किया दुष्कर्म, खून बहने से पीड़िता को छोड़कर भागा; आरोपी गिरफ्तार