
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। दीपावली की रात जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद में चाकू से हमला कर दो युवकों की हत्या करने के मामले में पुलिस ने सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को जब पुलिस आरोपितों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और उनका जुलूस निकाला, तो मृतकों के स्वजन का गुस्सा फूट पड़ा। आरोपितों को सामने देखते ही परिजन उन्हें मारने के लिए दौड़ पड़े।
इस दौरान मृतक कार्तिक उर्फ बाबू चौधरी की छोटी बहन हाथ में पत्थर लेकर आरोपितों की ओर दौड़ी। वह बार-बार यही कह रही थी कि 'तूने मेरे भाई को क्यों मार डाला।' पुलिसकर्मियों ने किसी तरह परिजनों को रोका और आरोपितों को भीड़ से बचाकर आगे बढ़ाया। घमापुर पुलिस ने मंगलवार को सातों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, हत्याकांड में शामिल तीन अन्य आरोपित अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की तीन टीमें जुटी हैं।
सोमवार रात घमापुर पुलिस ने कार्तिक चौधरी और करण पासी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपित प्रिंस चौधरी सहित सात आरोपितों को गिरफ्तार किया था। मंगलवार को पुलिस उन्हें सिद्धबाबा मंदिर लेकर पहुंची। इसकी जानकारी लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतकों के स्वजन और स्थानीय लोगों ने आरोपितों को घेरने और मारपीट करने का प्रयास किया।
अचानक बिगड़े हालात को संभालने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। परिजनों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस आरोपितों को सुरक्षा के बीच वहां से लेकर कांचघर तक पैदल पहुंची। इस दौरान सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मृतक कार्तिक के भाई सोनू चौधरी उर्फ जय कुमार के अनुसार रात करीब एक बजे कार्तिक और करण अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकले थे। रास्ते में घात लगाए युवकों के समूह ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और चाकुओं से हमला कर दिया। मुख्य आरोपित 21 वर्षीय प्रिंस चौधरी और मृतकों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। दीपावली की रात संत रविदास मंदिर के पास मोहल्ले के युवकों के एकत्र होने के दौरान जुआ खेलने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान पुरानी रंजिश भी सामने आ गई और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। हमले में कार्तिक और करण की जान चली गई।
घमापुर पुलिस ने मुख्य आरोपित प्रिंस चौधरी सहित सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपितों को नाबालिग बताया जा रहा है, जो अभी फरार हैं। पुलिस के अनुसार मृतक कार्तिक और मुख्य आरोपित प्रिंस का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। सीएसपी शशांक गुर्जर ने बताया कि घटना के 24 घंटे के भीतर सात आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- बीजापुर में हाईवे पर चाकू की नोक पर सर्राफा कारोबारी से लूट, 2 करोड़ के जेवर लेकर बदमाश फरार
फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मुख्य आरोपित प्रिंस चौधरी के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली सहित शहर के विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। फरार आरोपितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।