
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोराबाजार थाना क्षेत्र के बिलहरी-तिलहरी रोड पर शनिवार रात युवकों के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक ने गहरे खंदारी नाले में छलांग लगा दी। घटना डी मार्ट के समीप की है। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम को नाले से युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बिलहरी निवासी अर्जुन के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात डी मार्ट के समीप कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी दौरान अर्जुन ने नाले में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में गोराबाजार थाना पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया।
रात में अंधेरा अधिक होने के कारण नाले में तलाश करने में पुलिस और गोताखोरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। काफी प्रयास के बाद युवक का शव नाले में मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
इधर, पुलिस ने घटना के संबंध में बिलहरी निवासी चार युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर विवाद की वजह और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद के दौरान मौके पर कौन-कौन मौजूद था और अर्जुन के नाले में छलांग लगाने की परिस्थितियां क्या थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की बात पुलिस ने कही है।