
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। थांदला नगर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित गवली मोहल्ला में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात में हथियारबंद चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। किराए के मकान में रहने वाले इरशाद कुरैशी के घर को निशाना बनाते हुए लगभग 6 बदमाशों ने ताला तोड़कर नकदी और कीमती जेवरात चुरा लिए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार घटना के समय इरशाद कुरैशी अपने घर पर नहीं थे। उनकी माताजी का पैर फ्रैक्चर होने के कारण वे रात को अपने माता-पिता के यहां रुके हुए थे। चोरों ने इसी सूनेपन का फायदा उठाया और घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। बदमाश घर से नकदी रुपये, सोने की चेन, सोने का हार और अन्य कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इरशाद कुरैशी ने तुरंत थांदला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- आलीराजपुर हिंसक झड़प...'बड़वे खेलने' के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद, स्कूल बस और गाड़ियों में की तोड़फोड़