झाबुआ भोपाल, नईदुनिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया को रविवार सुबह झाबुआ में उनके गोपाल कालोनी स्थित निवास से गिरफ्तार कर लिया गया है। भोपाल से रेलवे पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए झाबुआ आई थी और स्थानीय पुलिस बल की मदद से उन्हें गिरफ्तार करके भोपाल ले जाया गया।
विक्रांत भूरिया को लेकर पुलिस दल देर शाम भोपाल पहुंचा। यहां पहुंचते ही उन्हें भोपाल जिला एवं सत्र न्यायालय में स्पेशल रेलवे कोर्ट जी थ्री में पेश किया गया। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए उन्हें सशर्त जमानत दे दी। न्यायालय ने पांच मई की तारीख देते हए उन्हें अगली तारीख पर पेश होने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को भूरिया ने अपने साथियों के साथ भोपाल में रेल रोक दी थी और इंजन पर वे चढ़ गए थे। यह विरोध प्रदर्शन वे कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करने के विरोधस्वरूप कर रहे थे। इस मामले में भोपाल रेलवे पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी। रविवार को सुबह भोपाल रेलवे थाना प्रभारी नितिन पटेल भूरिया को गिरफ्तार करने के लिए झाबुआ आए। झाबुआ पुलिस थाने के प्रभारी सुरेंद्र सिंह व पुलिस दल लेकर वे भूरिया को उनके निवास स्थान पर गिरफ्तार करने पहुंचे।
इस गिरफ्तारी की भनक लगते ही कांग्रेस के नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भूरिया के निवास स्थान पर पहुंच गए। जमकर नारेबाजी होने लगी। पहले तो पुलिस को भूरिया के निवास स्थान के अंदर जाने में मशक्कत करना पड़ी और उसके बाद वाहन से भोपाल ले जाने में विरोध का सामना करना पड़ा। उनके निवास स्थान की मात्र 150 मीटर गली से निकलने में करीब एक घंटे का समय लग गया। कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता वाहन के आगे आ गए। गिरफ्तारी का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी करने लगे। कई नेता वाहन के ऊपर भी चढ़ गए। झाबुआ थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलवाना पड़ा, तब जाकर वाहन निकल पाए।
राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त होने पर भोपाल में रोकी थी रेल, मध्य प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया को झाबुआ किया गिरफ्तार https://t.co/3JBoVu952F#Jhabua #MadhyaPradesh #MPNews #Naidunia pic.twitter.com/s9GKDoMbEr
— NaiDunia (@Nai_Dunia) March 26, 2023
प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष डा. विक्रांत भूरिया ने गिरफ्तारी के दौरान कहा था कि उन्हें डराकर उनकी आवाज को नही रोका जा सकता है। आदिवासियों को हमेशा गिरफ्तार करने में सरकार देर नहीं करती इसलिए प्रदेश की जेलों में आज सबसे अधिक आदिवासी बंद है। राहुल गांधी ने अडानी और उन्हें भाजपा सरकार से मिल रहे सहयोग का मुद्दा उठाया तो दबाने के लिए उन पर कार्यवाही हुई। वे आदिवासी नेता हैं और सरकार की नाकामियों को जनता के बीच उठाते हैं तो अब उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा। जेल में बंद करे या चाहे जो दमन की कार्यवाही की जावे, लेकिन वे जनता की लड़ाई लड़ने से पीछे नहीं हटेंगे।
भोपाल रेलवे पुलिस थाने के प्रभारी नितिन पटेल ने बताया कि भूरिया ने भोपाल में शुक्रवार को एक्सप्रेस रेल रोकी थी। इस मामले में अलग - अलग धाराओं में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था इसलिए आज झाबुआ आकर भूरिया को गिरफ्तार किया गया ।