_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। नकली सोने का बिस्किट देकर चार लाख 90 हजार रुपये की ठगी करने वाले फरार पति-पत्नी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों से ठगी की राशि में से एक लाख 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस प्रकरण में अब तक कुल चार लाख 80 हजार रुपये जब्त किए जा चुके हैं।
थाना कोतवाली झाबुआ में फरियादी जगदीश चंद्र पुत्र दलपतराम पाठक निवासी धोलका, जिला अहमदाबाद (गुजरात) की शिकायत पर नकली सोने का बिस्किट देकर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया गया था।
प्रकरण के अनुसार, फरियादी जगदीश चंद्र की मुलाकात मजदूरी के दौरान मानसिंह भील से हुई थी। मानसिंह ने उसे बताया कि उसकी चाची को पुराने मकान की खुदाई में सोने के बिस्किट मिले हैं। विश्वास जीतने के लिए मानसिंह ने असली सोने के छोटे टुकड़े उपलब्ध कराए, जिन्हें ज्वेलर्स से जांच कराने पर सोना सही पाया गया। इसके बाद फरियादी सोने का बिस्किट खरीदने के लिए तैयार हो गया।
18 सितंबर 2026 को फरियादी अपने परिजन के साथ चार लाख 90 हजार रुपये लेकर पिटोल पहुंचा, जहां आरोपितों ने असली सोने का बिस्किट बताकर नकली बिस्किट थमा दिया और बदले में चार लाख 90 हजार रुपये ले लिए। बाद में जांच कराने पर वह बिस्किट नकली एवं तांबे का बना हुआ निकला।
शिकायत पर थाना कोतवाली झाबुआ में अपराध क्रमांक 940/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक झाबुआ देवेंद्र पाटीदार ने चौकी प्रभारी पिटोल को आरोपितों की गिरफ्तारी एवं ठगी की राशि बरामद करने के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने पूर्व में आरोपिया रोशना पति नाजु डामोर (35) निवासी आमलीफलिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन लाख रुपये जब्त किए थे। इसी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपित सतरु पुत्र रमजु चौहान निवासी कडिया, थाना रानापुर एवं आरोपिया मंगीबाई पति सतरु चौहान को पुलिस टीम ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से ठगी गई राशि में से एक लाख 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह तीनों आरोपितों से अब तक कुल चार लाख 80 हजार रुपये नकद जब्त किए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें- महिला आरक्षण पर एमपी में सियासी हलचल, भाजपा गांव-गांव में लगाएगी चौपाल, कांग्रेस देगी चुनावी प्रशिक्षण
इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्रसिंह भदौरिया, पिटोल चौकी प्रभारी अशोक बघेल, आरक्षक कैलाश सोलंकी, आरक्षक अजमेरसिंह तोमर, आरक्षक कुबेर सोलंकी, चालक आरक्षक संजु बघेल एवं महिला आरक्षक नेहा मेड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।