
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ : कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान और उनकी पत्नी और भाजपा सांसद अनिता चौहान पर आरोप लगाने वाली रश्मि भाटिया अपने बयान से बदल गई है। शुक्रवार को महिला ने एक वीडियो जारी किया है।
इसमें उन्होंने मंत्री नागरसिंह चौहान पर रिलेशनशिप और उनकी पत्नी सांसद अनिता चौहान पर प्रताड़ना के आरोप पर सफाई दी है। उन्होने अपने आरोपों को अपनी फ्रस्टेशन और डिप्रेशन का नतीजा बताया। साथ ही महिला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को लिखे पत्र को लेकर भी सफाई दी है।
महिला ने कहा कि मेरे और नागर सिंह के बहुत अच्छे संबंध हैं। अनिता से भी मेरे अच्छे रिश्ते हैं। उनके पापा और मेरे पापा के बीच भी अच्छे संबंध हैं। जब मैं परेशान थी, तब मैंने यह वीडियो बनाया था। यह बहुप्रसारित कैसे हुआ, मुझे नहीं पता।रश्मि ने कहा कि नागरसिंह चौहान आलीराजपुर से कई बार चुनाव जीत चुके हैं।
मेरा भी उन्हें बदनाम करने का कोई इरादा नहीं था। वीडियो मैंने ही बनाया था, लेकिन वह बहुप्रसारित कैसे हुआ, यह मैं नहीं जानती। इसलिए मुख्यमंत्री जी से मेरा निवेदन है कि हमारे बीच ऐसा कुछ नहीं है।उस समय मैं परेशान थी, इसलिए मैंने वह लेटर लिखा था।नागर सिंह जी और मेरे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं। जो वीडियो बहुप्रसारित हुआ है, वह उन्हें बदनाम करने के लिए किया जा रहा है। लोगों के बीच भी उनकी छवि साफ-सुथरी है। वे बहुत अच्छे नेता और जनप्रतिनिधि हैं। हमेशा सबकी मदद करते हैं और सभी के लिए अच्छा सोचते हैं।
मामले में 28 अक्टूबर को रश्मि ने दावा किया था कि वह पिछले 20 साल से मंत्री नागरसिंह चौहान के साथ रिश्ते में हैं। उन्होंने सांसद अनिता चौहान पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप भी लगाए थे।रश्मि ने चेतावनी देते हुए कहा था मैं मंत्री के घर जाने वाली हूं। अगर वहां मेरे साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए अनिता चौहान और उनका परिवार जिम्मेदार होगा।
यह भी पढ़ें- झाबुआ में किसानों का आंदोलन खत्म, 4 गुना मुआवजे की घोषणा के बाद किसान लौटे घर, सीएम मोहन यादव ने की वर्चुअली चर्चा