
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ : थांदला के समीप गांव रूपगढ़ में गौ हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में ग्रामीणों ने मौके पर तीन आरोपितों को पकड़ लिया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने गौ मांस और घटना में प्रयुक्त हथियारों को भी जब्त किया है।
वहीं कथित आरोपित के घर के पास कचरे के ढेर से गौ हत्या के अवशेष भी मिले हैं। मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जिनमें से 3 आरोपियों को राउंडअप किया गया है। शेष आरोपी फरार है।
जानकारी के अनुसार आरोपित राकेश पुत्र विसीया रावत के घर मंगलवार की सुबह गौ हत्या की गई। आरोपित गौ मांस का बंटवारा कर रहे थे। इसकी सूचना ग्रामीणों को लगी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना हिंदूवादी संगठनों को दी जिसके बाद हिंदूवादी संगठन और प्रशासन सक्रिय हुए।
मामले के एक अन्य आरोपित रुमाल मईडा के मकान से गौ मांस भी बरामद किया है। उल्लेखनीय है कि रुमाल मईडा, राकेश रावत का ससुर है। मामले में आक्रोशित ग्रामीणों ने कथित आरोपित राकेश, रुमाल और कमल डामोर को पकड़ लिया है।
वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद राकेश के घर से साक्ष्य हटाने की भी कोशिश की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार गौ हत्याएं हो रही है। प्रशासन की उदासीनता के चलते गौ हत्यारों के हौसले बुलंद है। घटना के बाद तत्काल एसडीओपी राजेश सुलिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की जांच की गई।
आरोपित राकेश रावत, रुमाल मईडा और कमल डामोर को हिरासत में लिया है। वहीं हुक्का रावत, देवू रावत और एक अन्य आरोपित फरार है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही है। मामले में एसडीओपी राजेश सुलिया ने बताया कि कुल छह आरोपितों पर एफआईआर दर्ज की गई है। घटना पर नजर रखी जा रही है। कोई अप्रिय स्थिति नहीं बने इसके लिए पुलिस बल भी रूपगढ़ गांव में तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें- Cow Slaughter in Madhya Pradesh: गौ हत्या पर कसा शिकंजा, खंडवा में तीन पर रासुका