
नईदुनिया प्रतिनिधि, झाबुआ। एक महिला ने वीडियो जारी कर मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के साथ 20 वर्ष से रिश्ते में होने का दावा किया है। खुद को ‘रश्मि नागर सिंह चौहान’ बताने वाली महिला ने कहा कि वह 30 अक्टूबर की सुबह मंत्री के घर जाएगी, अगर उसके साथ कुछ होता है तो उसके लिए मंत्री व उनकी सांसद पत्नी अनिता चौहान जिम्मेदार होंगी। महिला ने सांसद पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
मामले में प्रभारी एसपी ज्योति बघेल ने कहा कि फिलहाल महिला की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। नागर सिंह चौहान भाजपा के प्रमुख आदिवासी नेता हैं। आलीराजपुर सीट से विधायक चुने जाने के बाद अनुसूचित जाति कल्याण विभाग संभाल रहे हैं। उनकी पत्नी अनिता रतलाम-झबुआ संसदीय सीट से भाजपा सांसद हैं।
इस मामले में मंत्री ने यह जरूर स्वीकार किया है कि महिला से उनके पारिवारिक संबंध है, लेकिन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया। वहीं, अनिता चौहान ने कहा है कि उन्होंने महिला के साथ कुछ गलत नहीं किया है।
यह भी पढ़ें- दतिया में ऑफिस समय में ताश खेलते नायब तहसीलदार का वीडियो वायरल, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
वीडियो में रश्मि ने दावा किया कि जब वह 18 वर्ष की थीं, तभी से नागर सिंह के साथ रिश्ते में हैं। उन्हें आधिकारिक आवास के बजाय अलग आवास में रखा गया है। रश्मि ने आरोप लगाया कि अनिता चौहान ने उन्हें और उनके बेटे को अनुचित संदेश भेजे। इससे बेटा इतना परेशान हुआ कि वह परीक्षा देने तक नहीं गया।