दीवाली पर मध्य प्रदेश में आग लगने की दो घटनाओं में 12 लोगों की मौत, कटनी में मां की गोद में बच्चे ने तोड़ा दम
दीवाली के त्योहार के दौरान मध्य प्रदेश के सिवनी और कटनी जिलों में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
Publish Date: Mon, 09 Nov 2026 02:21:54 PM (IST)Updated Date: Mon, 09 Nov 2026 02:23:20 PM (IST)
दीवाली पर मध्य प्रदेश में आग लगने की दो घटनाओं में 12 लोगों की मौत।HighLights
- घटना के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे
- कटनी में दुकान में लगी आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
- मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिवनी/कटनी। दीवाली के त्योहार के दौरान मध्य प्रदेश के सिवनी और कटनी जिलों में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कटनी में मरने वालों में दो महीने का एक बच्चा भी शामिल था, जिसकी मौत अपनी मां की गोद में हुई।
यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मौतों पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
घटना के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे
सोमवार तड़के 4 से 4:30 बजे के बीच सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में सुनार कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला घर में आग लग गई। घटना के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए जिन्हें बचा लिया गया।
बाद में दमकलकर्मियों और बचाव दलों ने आग पर काबू पा लिया। मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी (75), उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी (65), रितु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) के रूप में हुई है।
कटनी में दुकान में लगी आग से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत
पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। कटनी जिले की एक अन्य घटना में दीवाली की रात एक तीन मंजिला इमारत में स्थित क्रॉकरी की दुकान में लगी आग से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। यह घटना सोमवार आधी रात के आसपास बरही कस्बे में हुई।
जिला मजिस्ट्रेट आशीष तिवारी ने बताया कि आग ने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं, लेकिन दुर्भाग्य से छह लोगों की जान चली गई।
शिशु की मौत उसकी मां पूनम की गोद में हुई
पुलिस के अनुसार, इस हादसे में दुकान के मालिक पूरन अग्रवाल (77), उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, पोतियां आर्या (14) और अन्वी (6), तथा दो महीने के एक शिशु की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिशु की मौत उसकी मां पूनम की गोद में हुई। इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं और पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि
मुख्यमंत्री यादव ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा कि दिवाली के मौके पर कटनी और सिवनी जिलों में आग लगने की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा, मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि। राज्य सरकार ने निर्देश दिया है कि मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाए। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के परिवारों से फोन पर बात की और उन्हें सांत्वना दी।