
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। बरही अग्निकांड के नौ घंटे बाद घटना स्थल पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी तो आक्रोशित लोगों से मांगी माफी। आक्रोशित लोगों ने सरकारी सिस्टम पर उठाए सवाल तो दमकल कर्मियों को नागपुर भेजकर ट्रेन्ड करने, फायर ब्रिगेड व्यवस्था दुरुस्त करने, घटना में जिम्मेदारी तय करने कलेक्टर ने दिया आश्वासन।
दीपावली की रात एक ओर रोशनी और खुशियों के पर्व में डूबे थे तो वही जिले के बरही में एक अग्निकांड में परिवार के छह लोगों की जान चली गई। बरही निवासी पूरन अग्रवाल व रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में आधी रात अचानक आग भड़क उठी।

देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो माह के मासूम सहित परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई।
रातभर आग की लपटों से घिरी इमारत के भीतर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे परिवार को बचाने की कोशिशें चलती रहीं। सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था। घटनास्थल का मंजर इतना हृदयविदारक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

रात करीब 12 बजे आग लगने के बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन लगभग एक बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दमकल वाहन पहुंचा, उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई। इसके चलते आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आई।
बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन पहुंचे। आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक मशक्कत जारी रही। जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। लोगों ने बताया कि हादसे के बावजूद सुबह करीब चार बजे तक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी नहीं दिखाई दी। अनुपस्थिति ने लोगों में नाराजगी पैदा कर दी।
हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। बताया जाता है कि आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और बाहर की ओर भागे, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य आग और धुएं के बीच इमारत में ही फंसे रह गए।
अग्निकांड का सबसे पीड़ादायक पहलू उस दो माह के मासूम की मौत है, जो अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल स्थित कमरे में था। मां की गोद में लिपटा वह नन्हा जीवन दुनिया को ठीक से समझ भी नहीं पाया था कि काल ने उसे परिवार सहित छीन लिया।
चंद्रकला और परिवार की दोनों मासूम बेटियां भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंस गईं। सुबह जब रेस्क्यू टीम ने उन्हें बाहर निकाला, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के बरगी हाइवे पर डीजल चुराने वाली गैंग दबोची, ट्रक ड्राइवरों को लूटने की थी तैयारी