
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। जमीन की खरीद फरोख्त और हत्या के मामले में आरोपित को बचाने, भ्रष्टाचार को लेकर एफआइआर दर्ज होने के बाद से निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। आइजी जबलपुर के निर्देश पर बनाई गई एसआइटी लगातार जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में लगी है। अब शनिवार को एक बार फिर से उनकी जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी।
वहीं अब नेहा पच्चीसिया और उनके करीबी क्षितिज राज बारापात्रे व आरोपित की जमीन अपने नाम कराने वाले मारुफ अहमद हनफी के विदेश जाने पर रोक लग गई है। लुकआउट नोटिस जारी कर पुलिस ने उनके देश छोड़कर जाने का रास्ता बंद कर दिया है। तीनों पर कटनी एसपी ने 10 हजार का इनाम भी घोषित किया है।
20 अगस्त को एफआइआर दर्ज होने के बाद से ही नेहा, क्षितिज भूमिगत और जमीन की खरीदी में शामिल मारुफ अहमद भी फरार हैं। तीनों की पुलिस टीमें तलाश में कर रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है। गुरुवार को एसआइटी की टीम ने मारुफ अहमद के निवास पर पहुंच कर जांच की थी, लेकिन घर में ताला लगा मिला।
निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित उनके करीबी क्षितिज राज ने न्यायालय की शरण ली है। उनकी ओर से अग्रिम जमानत के लिए जिला न्यायालय में आवेदन दिया गया था, जिस पर मंगलवार को विशेष न्यायालय में सुनवाई हुई। तीन घंटे तक चली बहस के बाद सुनवाई पूरी नहीं हो पाई थी और न्यायालय ने शनिवार का समय सुरक्षित किया था।
अब शनिवार को एक बार फिर से उनकी जमानत अर्जी पर सुनवाई होगी। वहीं एसआइटी को सीएसपी के सील किए गए कार्यालय की जांच करनी थी, लेकिन पिछले तीन दिन से टीम अभी कार्यालय में दस्तावेजों की जांच करने नहीं पहुंची है।
यह भी पढ़ें- तमिलनाडु पुलिस की पहली पसंद बना जबलपुर की वाहन निर्माणी का स्वदेशी एलएएमवी