
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। बरही थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम परसवारा के पास शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और पुत्र की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से पुत्र ने जहां मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं गंभीर रूप से घायल पिता ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार दिलीप तिवारी (40 वर्ष) अपने माता-पिता के साथ सिहोरा क्षेत्र में रिश्तेदारी में आयोजित अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शुक्रवार देर शाम वे अपनी बाइक से माता-पिता को लेकर अपने गृह ग्राम डोकरिया वापस लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक बरही थाना क्षेत्र के ग्राम परसवारा के पास पहुंची, अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे।
यह भी पढ़ें- TI हत्याकांड के बाद सील की गई तीनों शराब दुकानें फिर खुली, सीधे शासन के खाते में जमा होगी बिक्री की राशि
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दिलीप तिवारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल उनके 72 वर्षीय पिता विश्वनाथ तिवारी को बरही स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।