
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। दीपावली की रात बरही नगर में हुए अग्निकांड में अग्रवाल परिवार के आधा दर्जन सदस्यों की मौत के मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है। घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी घटना के लिए दोषी जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज नगरवासियों और व्यापारियों ने गुरुवार को बरही बंद का आव्हान किया। बंद के समर्थन में व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठानों के ताले नहीं खोले। होटल से लेकर मेडिकल स्टोर्स तक बंद रहे।
नगरवासियों व व्यापारियों में सरकारी व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों ने कहा कि घटना के 5 दिन बाद भी प्रशासन जांच के नाम पर पूरे मामले में लीपापोती कर रहा है। जिन अफसरों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, उन्हें ही जांच का जिम्मा सौंपा गया है। बरही बंद के दौरान नगर के लोग कमानिया गेट में एकत्रित हुए और जिम्मेदार लापरवाह प्रशासनिक अधिकारियों पर जबाबदेही तय करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
अग्निकांड के दौरान राहत व बचाव कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सेवा से बर्खास्त करने जैसी कठोर कार्रवाई की जाए। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते प्रशासनिक अमला सक्रिय होता और राहत बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए जाते तो छह अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता था।
यह भी पढ़ें- कटनी के बरही अग्निकांड में छह लोगों की मौत से सियासत गर्म, कांग्रेस पार्षदों ने दिया सामूहिक इस्तीफा
दीपावली की रात बरही नगर के पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला दुकान व आवासीय भवन में भीषण आग भडक़ उठी थी। अग्निकांड में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला अग्रवाल, बहू सोनम अग्रवाल, दो माह का मासूम अर्विश्, 12 वर्षीय आर्या और 6 वर्षीय अन्वी की मौत हो गई थी।
गुरुवार सुबह से ही नगर में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। व्यापारियों ने अपनी दुकानों के शटर नहीं खोले। होटल संचालकों और मेडिकल स्टोर संचालकों ने भी बंद का समर्थन करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों के बंद रहने से भी नगर में बंद का असर साफ दिखाई दिया। दोपहर बाद तक नगर पूरी तरह से बंद रहा और उसके बाद कुछ दुकानें खुलीं।