
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी।बरही के ग्राम पड़रिया मोड़ के पास माेटर साइकिल से दशहरा देखने जा रहे तीन चचेरे भाइयों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी और भाग निकला। दुर्घटना में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सिजेहरा गांव के निवासी थे और बरही में रात को दशहरा उत्सव देखने जा रहे थे।
सूचना पर मौके पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बरही अस्पताल पहुंचाया और गुरुवार को कार्रवाई कर शव स्वजनों को सौंप दिए। साथ ही मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत से गांव में मातम छाया है।
सिजेहरा निवासी छोटेलाल कोल पिता जमुना प्रसाद कोल, 18 साल, अमित लाल कोल पिता गोपाल कोल, 19 साल, सुमित कोल पिता सिरांगो काेल, 20 साल तीनों चचेरे भाई थे। बुधवार की देर रात तीनों एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बरही का दशहरा उत्सव देखने आ रहे थे।
सिनगौड़ी रोड से जैसे ही वे रात को बरही थाना के पड़रिया मोड़ पहुंचे, किसी वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय जनों की मदद से मृतकों के शव उठाकर उनको बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भिजवाया गया। साथ ही स्वजनों को सूचना दी। गांव में एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर पहुंचते ही मातम छा गया।
गुरुवार सुबह तीनों युवकों के शवों का चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया और उसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिए गए। स्वजनों ने बताया कि तीनों युवक मजदूरी करके परिवार चलाते थे। एक साथ तीन की मौत से गांव में मातम पसरा रहा।
बरही थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम किया और जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एलओसी जमा करने का आखिरी मौका, 30 अक्टूबर के बाद सीबीएसई स्कूलों को कोई राहत नहीं