
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र की बरगवा स्थित जर्जर अग्रवाल बिल्डिंग को गिराने की कार्रवाई नगर निगम ने गुरुवार सुबह शुरू कर दी। मुख्य मार्ग को बंद कर निगम की टीम भारी-भरकम जर्जर भवन को तोड़ने में जुटी है। कार्रवाई के दौरान रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय, नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी मानवेंद्र सिंह सहित निगम और पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं।
यह वही जर्जर भवन है, जहां पूर्व में हादसे के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। हादसे के बाद भी भवन में संचालित गतिविधियों और आसपास लोगों की आवाजाही को लेकर लगातार सवाल उठते रहे थे। भवन की जर्जर हालत को देखते हुए अब नगर निगम ने इसे गिराने की कार्रवाई शुरू की है। कार्रवाई के दौरान बरगवां के मुख्य मार्ग को बंद कर दिया गया है।

भवन का हिस्सा गिराए जाने के कारण किसी तरह की जनहानि न हो, इसके लिए पुलिस बल और नगर निगम का अमला मौके पर तैनात है। आसपास की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है। अग्रवाल बिल्डिंग लंबे समय से जर्जर हालत में थी। पूर्व में इसी भवन से हुए हादसे में एक व्यक्ति की जान जा चुकी है। इसके बावजूद भवन के आसपास लोगों की आवाजाही और गतिविधियां जारी रहने से खतरा बना हुआ था।
यह भी पढ़ें- कटनी के मटवारा में युवक के कपड़े फाड़े, बचाने आई मां को भी पीटा, वीडियो वायरल होने पर FIR दर्ज