
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम मटवारा में एक युवक और उसकी मां के साथ घर में घुसकर मारपीट करने व कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस अधीक्षक से शिकायत के बाद मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मटवारा निवासी अरविंद वंशकार पिता रम्मू लाल वंशकार के अनुसार 29 सितंबर की शाम निवार बाजार में उसकी गाड़ी टकरा गई थी। इसके बाद संजू बर्मन, सिद्धार्थ पांडेय और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की।
जब अरविंद किसी तरह अपनी जान बचाकर मटवारा स्थित अपने घर पहुंचा, तो आरोपी करीब दर्जन भर लोगों की भीड़ लेकर उसके घर तक आ धमके। उसका आरोप है कि घर में घुसकर लोगों ने हमला किया और कपड़े फाड़ दिए।
बीच-बचाव करने पर उसकी मांग के साथ भी मारपीट की। स्लीमनाबाद पुलिस के शिकायत पर भी मामला दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया और एसपी से शिकायत की। जिसपर पुलिस ने मामला दर्ज किया है और जांच कर रही है।