_m.webp)
नईदुनिया न्यूज, स्लीमनाबाद। जनपद पंचायत बहोरीबंद की ग्राम पंचायत देवरी के केवलारी गांव में ट्रांसफार्मर पिछले सात दिनों से बंद है। बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूसरे किसानों के खेतों में लगे पंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से गांव में पानी का संकट बना हुआ है। उन्होंने सरपंच को समस्या बताकर ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि सरपंच ने उन्हें बताया कि पेयजल पंप का लाखों रुपये का बिजली बिल बकाया होने के कारण ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा रहा है।
यह भी पढ़ें- अब इंतजार की घड़ियां हुई समाप्त, रावघाट से नई रेल सेवा का शुभारंभ, 20 अक्टूबर से दौड़ेगी रायपुर पैसेंजर ट्रेन
बिल बकाया होने का असर गांव के लोगों पर पड़ रहा है। पानी लेने के लिए खेतों तक जाने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि बिजली बिल के बकाया का मामला सुलझने तक पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग और पंचायत प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर ट्रांसफार्मर बदलने और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि इसमें समय लगने पर टैंकर या किसी अन्य माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 18 जिलों के 3234 गांवों में खड़ा हुआ जल संकट!, मल्टी-विलेज योजनाओं का भुगतान अटका