
नईदुनिया न्यूज, पन्ना/कटनी। खरीफ वर्ष 2026 (विपणन वर्ष 2026-27) में भावांतर योजना के अंतर्गत सोयाबीन फसल के उपार्जन के लिए किसानों का ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन किया जा रहा है। किसानों के पंजीयन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर निर्धारित है।
पन्ना में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत धान एवं मोटा अनाज उपज विक्रय के लिए आगामी 10 अक्टूबर तक किसान पंजीयन किए जा रहे हैं। पन्ना जिले में सहकारी समितियों के कुल 39 पंजीयन केन्द्र बनाए गए हैं। अभी तक 6 हजार 192 किसानों द्वारा पंजीयन करवाया गया है।
पंजीयन की निर्धारित अंतिम तिथि 10 अक्टूबर तक किसान स्वयं अपने मोबाइल से किसान एप के जरिए अथवा सहकारी समितियों के पंजीयन केन्द्रों के माध्यम से पंजीयन करा सकेंगे। अधिकतम 50 रुपये देकर एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोक सेवा केंद्र अथवा निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे के माध्यम से भी सशुल्क पंजीयन कराया जा सकता है।
शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार बगैर एग्रीस्टेक आईडी के किसान पंजीयन नहीं होंगे। आईडी में जुड़े खसरों का पंजीयन कराया जा सकेगा। सिकमी व बटाईदार कृषक का अनुबंध के तहत ही पंजीयन होगा। क्रय उपज का भुगतान किसान के आधार लिंक बैंक खाते में किया जाएगा।
जनधन, अक्रियाशील, संयुक्त बैंक खाते सहित फिनो, एयरटेल व पेटीएम बैंक खाते पंजीयन में मान्य नहीं होंगे। सभी कृषकों से अपील की गई है कि उपज विक्रय व पंजीयन के पूर्व एग्रीस्टेक आईडी जरूर बनवा लें। संबंधित पटवारी से अपने सभी खसरे इस आईडी में जुड़वाएं तथा अपना बैंक खाता भी आधार से लिंक करवा लें, जिससे पंजीयन एवं भुगतान में कोई असुविधा उत्पन्न न हो।
कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले में सोयाबीन फसल के पंजीयन के लिए कटनी नगर तहसील के अंतर्गत विपणन सहकारी संस्था कटनी को पंजीयन संस्था निर्धारित किया गया है। समिति कार्यालय कटनी में किसानों का सोयाबीन फसल के लिए पंजीयन किया जाएगा।
पंजीयन का कार्य ई-उपार्जन पोर्टल पर शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं पंजीयन संस्था को निर्धारित समय-सीमा में शासन के निर्देशों के अनुरूप पंजीयन कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के नया मोहल्ला में भरभराकर गिरा कच्चा मकान, मलबे में फंसे 15 लोग; गूंजती रही चीख