
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। बरही में भीषण अग्निकांड की आग अभी ठंडी नहीं हुई थी कि एक बार फिर से नगर निगम क्षेत्र के माधव नगर से लगे इमलिया रोड पर एक लकड़ी टाल में सुबह-सुबह आग भड़क उठी।
घटना की जानकारी लगते ही माधव नगर जोन सहित सिविल लाइन जोन और अन्य जोन की चार फायर गाड़ियां मौके पर आग पर काबू पाने के लिए लगाई गई है।
माधव नगर के इमलिया रोड में श्रीराम आहूजा की आहूजा टाल के नाम से लकड़ी का काम संचालित है। सुबह 6 बजे के लगभग आसपास के लोगों ने टाल से धुंआ उठता देखा और मालिक को सूचना दी।
थोड़ी देर में आग ने भीषण रूप ले लिया और टाल के बड़े हिस्से में फैल गई। नगर निगम के फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
जिसके बाद माधव नगर जोन, सिविल लाइन कार्यालय सहित अन्य जोन की चार गाड़ियां मौके पर लगाई गई है और लगातार तीन घंटे से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।
जेसीबी की मदद से लकड़ी के अन्य हिस्सों को अलग किया जा रहा है ताकि आग आगे न बढ़े, लेकिन रह रहकर आग सुलग रही है। जिस स्थान पर टाल स्थापित है, उसके पीछे के हिस्से में अन्य फैक्ट्रियां है, जिसके चलते वहां के संचालक भी दहशत में है। आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मेडिकल कॉलेज की महिला क्लर्क को अश्लील मैसेज भेजा, अब होगी डॉक्टर की गिरफ्तारी